Sunday, 27 September 2026

लापता लाइब्रेरी संचालक का पेड़ से लटका मिला शव

दैनिक जनभारत जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के भेला बस स्टॉप के पास कोटिला गांव स्थित बगीचे में रविवार सुबह पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ऊंचगांव निवासी संतोष गौतम (37) के रूप में हुई। वह जमौली गांव के कम्मरपुर मोड़ पर एसकेएस डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन करता था।



रविवार सुबह कोचिंग जा रहे बच्चों ने बगीचे में बेल के पेड़ से शव लटका देखा। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर परिजन भी पहुंचे और शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों के मुताबिक संतोष अपने पिता अलगू गौतम के दो पुत्रों में छोटा और अविवाहित था। वह 3 जुलाई की रात से घर से लापता था। परिजन अपने स्तर से उसकी तलाश कर रहे थे। घर से करीब तीन किलोमीटर दूर ढाई माह बाद उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया।

सूचना पर पहुंची सरपतहां पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया। नवागत क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home